मेंहदावल (संतकबीरनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | ब्यूरो रिपोर्ट :
संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरैयाडांड़ के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे स्कूली बच्चों से भरी एक टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में तीन बच्चे और टैक्सी चालक घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पीएम श्री विद्यालय जमोहरा के छात्र टैक्सी से जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहे थे। चिरैयाडांड़ के पास अचानक सामने आए एक दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में टैक्सी चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। गनीमत रही कि टैक्सी में सवार अन्य बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रशासनिक अमला पहुँचा अस्पताल
दुर्घटना की खबर मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय गांधी और शिक्षक अनुपम की सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) महेंद्रनाथ त्रिपाठी मौके पर पहुँचे। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अमित कुमार सिंह और बीईओ ज्ञानचंद्र मिश्र ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचकर घायल बच्चों का हालचाल जाना।
इलाज के बाद माता-पिता को सौंपे गए बच्चे
BSA अमित कुमार सिंह ने डॉक्टरों को बच्चों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। प्राथमिक उपचार और स्थिति सामान्य होने के बाद सभी घायल बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को भविष्य में बच्चों के परिवहन के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की हिदायत दी है।

0 टिप्पणियाँ