टी20 वर्ल्ड कप का 'फीवर': बड़ी स्क्रीन पर उमड़ी हजारों की भीड़, चौके-छक्कों पर गूंजा 'इंडिया-इंडिया'



संतकबीर नगर। टी20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले (भारत बनाम न्यूजीलैंड) को लेकर संतकबीरनगर जिले में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिले के क्रिकेट प्रेमियों की खास पहल पर विभिन्न चौराहों और गली-मोहल्लों में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच का सीधा प्रसारण किया गया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद) में चल रहे इस रोमांचक मैच को देखने के लिए मानों पूरा जिला सड़कों पर उतर आया हो।

मिनी स्टेडियम में तब्दील हुआ बस स्टैंड परिसर

​मैच का रोमांच ऐसा था कि युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में एलईडी स्क्रीन के सामने डटे रहे। बस स्टैंड परिसर का नजारा किसी मिनी स्टेडियम जैसा नजर आ रहा था। दर्शकों के बैठने के लिए कुर्सियां तो लगाई गई थीं, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि सैकड़ों लोग घंटों खड़े होकर टीम इंडिया की हौसला अफजाई करते रहे। भारतीय बल्लेबाजों के हर चौके और छक्के पर पूरा इलाका तालियों और 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा।

सोशल मीडिया पर छाया संतकबीरनगर का जोश

​मैच के दौरान प्रशंसकों का जोश सातवें आसमान पर था। कई युवा मैच के खास पलों को अपने मोबाइल में कैद करते और सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो शेयर करते दिखे। 'इंडिया-इंडिया' के जयकारों के बीच क्रिकेट प्रेमियों ने पूरी रात तिरंगा लहराकर अपनी टीम का समर्थन किया।

क्रिकेट प्रेमियों की एकजुटता

​इस भव्य आयोजन का नेतृत्व जावेद, अमित, आसिफ, संदीप, सुधाकर और रणजीत जैसे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों ने किया। आयोजकों ने बताया कि बड़े मुकाबलों के दौरान सामूहिक रूप से मैच देखने का आनंद ही कुछ और होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था की गई ताकि पूरा शहर एक साथ बैठकर अपनी टीम की जीत की दुआ कर सके।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu