बस्ती मंडल न्यूज़ (संतकबीर नगर)। रेल मंत्रालय ने स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए 'अमृत भारत स्टे
शन योजना' नामक एक नई नीति तैयार की है। इस योजना के तहत मगहर रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इस पूरी परियोजना पर लगभग छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे स्टेशन का कायाकल्प पूरी तरह बदल जाएगा।
मगहर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन, परिसर में उन्नत लाइटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल घड़ियां और आधुनिक यात्री उद्घोषणा प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मुख्य प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। अन्य सुविधाओं में स्टेशन का सौंदर्यीकरण, प्लेटफॉर्म सतह का उन्नयन, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर और यात्री प्रतीक्षालय व शौचालयों का आधुनिकीकरण शामिल है।
बता दें कि मगहर स्टेशन यात्री सुविधा ग्रेड एनएसजी 6 का ब्रॉड गेज लाइन स्टेशन है, जहां वर्तमान में दो जोड़ी मेल/एक्सप्रेस और तीन जोड़ी सवारी गाड़ियां रुकती हैं। मगहर स्टेशन से महज 500 मीटर की दूरी पर सद्गुरु कबीर की निर्वाण स्थली स्थित है, जो आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यह स्थान देश-विदेश में फैले कबीर पंथियों की आस्था का मुख्य केंद्र है। स्टेशन के सौंदर्यीकरण से यहाँ कबीर के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्यों में तेजी आने पर नगर वासियों ने खुशी व्यक्त की है। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि इस आधुनिकीकरण के बाद मगहर रेलवे स्टेशन पर कुशीनगर एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस और अन्य महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

0 टिप्पणियाँ