रुधौली (बस्ती)। रुधौली तहसील परिसर में आज उस समय हड़कंप मच गया जब अधिवक्ताओं की सतर्कता से एक शातिर चोर रंगे हाथ पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान राधेश्याम (निवासी भरवलिया, थाना सोनहा) के रूप में हुई है, जिसे अधिवक्ताओं ने साइकिल का ताला तोड़ते समय दबोच लिया।
संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था चोर
तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने एक युवक को काफी देर से संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा था। जैसे ही उसने एक साइकिल का ताला तोड़ने के लिए अपने औजार निकाले, वकीलों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ताला तोड़ने के औजार भी बरामद हुए हैं।
नशे की हालत में था आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी राधेश्याम घटना के समय नशे की हालत में लग रहा था। अधिवक्ताओं ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस खंगाल रही है आपराधिक इतिहास
सोनहा थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव के निवासी राधेश्याम से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जांच रही है कि तहसील परिसर में पहले हुई चोरियों में भी क्या इसी का हाथ था? पुलिस मेडिकल परीक्षण के बाद आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
0 टिप्पणियाँ