Ad Code

ब्रेकिंग न्यूज़: लोड हो रहा है... ताज़ा हेडलाइंस आ रही हैं...

आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा: गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर युवती की मौत, भाई घायल

आजमगढ़। जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। घटना बासधान के पास की है, जहां गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार भाई-बहन सड़क पर गिर पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भादाव गांव निवासी अमित अपनी चाचा की पुत्री शोभा (26 वर्ष), पुत्री शिववचन, को बाइक से बिलरियागंज दवा दिलाने ले गया था। दवा दिलाने के बाद दोनों भैरव बाबा स्थान पर दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान बासधान के पास उनकी बाइक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महाराजगंज कोतवाली प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu