अंबेडकरनगर। जिले में कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाली 'कैनविज' (Canwiz) कंपनी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कसा है। 182 लोगों से लगभग 2 करोड़ 60 लाख रुपये डकारने के मामले में भीटी थाने में कंपनी के मालिकों और उनके रिश्तेदारों समेत 7 आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। बता दें कि इस कंपनी पर पूरे देश में करीब 1200 करोड़ की ठगी का आरोप है।
सेमिनार और गोवा ट्रिप का झांसा देकर फंसाया
जालसाजों ने लोगों का विश्वास जीतने के लिए अकबरपुर के बड़े होटलों में सेमिनार किए। इब्राहिमपुर के रवींद्र पटेल को पहला शिकार बनाया गया और उन्हें एजेंट के रूप में इस्तेमाल किया गया। शुरुआत में 9,500 रुपये जमा कराकर कोट-पैंट और गोवा ट्रिप का वादा किया गया। बाद में 18,000 की एफडी स्कीम और 'एफआईएनआई' नाम से नई-नई योजनाएं लाकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़प ली गई।
इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के निर्देश पर हुई जांच के बाद बरेली निवासी मुख्य आरोपी कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी राधिका, बेटे गोपाल, साले आशीष महाजन व उसकी पत्नी किमी महाजन के साथ-साथ अयोध्या और गोंडा के दो अन्य सहयोगियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। अकेले रवींद्र पटेल की टीम के 32 लोगों से 71 लाख रुपये लूटे गए हैं।
0 टिप्पणियाँ