बस्ती मंडल न्यूज़ डेस्क
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर पुलिस लाइंस मैदान में चल रही गोरखपुर जोन की 74वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को भव्य समापन हो गया। पुरुष वर्ग के बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले में मेजबान सिद्धार्थनगर ने बस्ती मंडल की टीम को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर लगातार पांचवीं बार खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, महिला वर्ग के फाइनल में गोंडा ने कुशीनगर को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।

पेनाल्टी शूटआउट में थमी सांसें, 3-1 से जीता सिद्धार्थनगर
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला सिद्धार्थनगर और बस्ती के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। बस्ती और सिद्धार्थनगर के फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने गोल करने के कई शानदार मौके बनाए, लेकिन दोनों ही टीमों के गोलकीपरों और मजबूत डिफेंस ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जहां सिद्धार्थनगर ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए बस्ती को 3-1 से हराकर पांचवीं बार चैंपियनशिप ट्रॉफी उठाई।
महिला वर्ग: कुशीनगर को हराकर गोंडा की बेटियां बनीं विजेता
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला भी कम रोमांचक नहीं रहा। गोंडा और कुशीनगर की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। तय समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद हुए पेनाल्टी शूटआउट में गोंडा की महिला खिलाड़ियों ने धैर्य का परिचय देते हुए कुशीनगर को 3-2 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
बस्ती के साजिद और सिद्धार्थनगर के महेंद्रनाथ बने 'सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी'
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सिद्धार्थनगर के मुख्य आरक्षी महेंद्रनाथ शर्मा और बस्ती के मुख्य आरक्षी साजिद को उनके शानदार खेल के लिए संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का 'सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी' (Best Player) घोषित किया गया। विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

0 टिप्पणियाँ