संतकबीर नगर: शादी वाले घर में पसरा मातम; सजावट के दौरान गिरा जर्जर छज्जा, बुजुर्ग महिला की मौत, 5 घायल


 


खलीलाबाद (संतकबीर नगर)।

खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के उमरी खुर्द गांव में मंगलवार को उस वक्त खुशियां मातम में बदल गईं, जब एक घर में बारात के स्वागत की तैयारियों के दौरान मकान का जर्जर छज्जा भरभराकर गिर गया। इस हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो टेंट कर्मियों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बारात के स्वागत की चल रही थी तैयारी

जानकारी के अनुसार, उमरी खुर्द निवासी हरिश्चंद्र राजभर की बेटी की आज शादी थी। घर के बाहर टेंट और लाइटिंग का काम जोर-शोर से चल रहा था। सुबह करीब 8:30 बजे जब परिवार के कुछ सदस्य और मजदूर छज्जे के नीचे काम कर रहे थे, तभी पुराना और जर्जर हो चुका छज्जा अचानक ढह गया। मलबे के नीचे दबने से कुसुम उर्फ राजमती (70) की जान चली गई।

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही खलीलाबाद कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दूबे और सीओ प्रियम राज शेखर पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

प्रशासनिक बयान

सीओ खलीलाबाद ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिस घर में आज शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब सन्नाटा और रुलाई सुनाई दे रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu