शादी के मंच पर युवक ने लहराई पिस्टल, रील बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल



बस्ती मंडल न्यूज़ (सिद्धार्थनगर): जनपद के झंडेनगर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान कानून की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक ने जयमाल के मंच पर न केवल पिस्टल लहराई, बल्कि असलहे को लोड करते हुए रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मंच पर फिल्मी अंदाज में करतब

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जयमाल के मंच पर भीड़ के बीच एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर फिल्मी अंदाज में डांस कर रहा है। वह सरेआम पिस्टल को हवा में लहराते हुए उसे लोड करने का प्रदर्शन कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि मंच पर मौजूद अन्य लोगों ने उसे रोकने की जहमत नहीं उठाई। यह कृत्य वहां मौजूद मेहमानों की जान के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता था।

आरोपी की हुई पहचान

जानकारी के अनुसार, पिस्टल लहराने वाले युवक की पहचान झंडेनगर निवासी अभिषेक राव के रूप में हुई है। युवक के सोशल मीडिया अकाउंट पर 'भीम आर्मी' से जुड़े पोस्ट भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक पूर्व में लखनऊ में हुए भीम आर्मी के प्रदर्शनों में भी शामिल हो चुका है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। कोतवाली सिद्धार्थनगर के प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया है। युवक की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​सिद्धार्थनगर पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक के हाथ में दिख रही पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध। साथ ही, सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह हथियारों के प्रदर्शन पर रोक के बावजूद ऐसी घटना होने पर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu