गृहक्लेश की भेंट चढ़ी एक और जिंदगी, शादी के साल भर बाद ही युवक ने दी जान

 



बस्ती। जनपद के दुबौलिया थाना क्षेत्र के जीतीपुर गाँव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ महज 25 वर्षीय युवक दीपक कुमार ने गुरुवार रात अपनी पत्नी से हुए मामूली विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक साल पहले ही युवक का वैवाहिक जीवन शुरू हुआ था, जिसका अंत इतनी जल्दी होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था।

क्या है पूरा मामला?

​जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक कुमार (25) दिल्ली में वेल्डिंग का काम करता था और पिछले चार महीनों से घर पर ही रह रहा था। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद उसका अपनी पत्नी सरिता देवी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दीपक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और छत के पाइप से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

परिजनों में कोहराम

​जिस वक्त दीपक ने यह खौफनाक कदम उठाया, उसकी पत्नी गलियारे में बैठी थी। अनहोनी की आशंका होने पर जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तब तक काफी देर हो चुकी थी। दीपक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

​कार्यवाहक थानाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu