दुधारा (संतकबीरनगर): सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र अंतर्गत छितरापार गांव में शनिवार को घोड़े पर बैठकर वीडियो बनवाना एक युवक को भारी पड़ गया। घोड़े से सिर के बल नीचे गिरने के कारण युवक की मौके पर ही हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घोड़ा विदकने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय रामचंद्र अपने साथी काशिम के साथ गांव के बाहर सिवान में रील बनाने गया था। वहां चर रहे एक घोड़े को देखकर रामचंद्र उसके ऊपर बैठ गया और साथी से वीडियो बनाने को कहा। इसी दौरान घोड़ा अचानक विदक गया और रामचंद्र अनियंत्रित होकर सिर के बल जमीन पर जा गिरा।
मई में होनी थी बहन की शादी, घर में पसरा मातम
हादसे के बाद परिजन उसे तुरंत स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, जहां से उसे बस्ती रेफर कर दिया गया। लेकिन बस्ती पहुंचने से पहले ही रामचंद्र की सांसें थम गईं। मृतक के पिता रामानंद गांव में ही चौकीदार हैं। घर में खुशियों का माहौल था क्योंकि मई माह में उसकी एक बहन की शादी होनी तय थी, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
पुलिस की कार्रवाई
दुधारा थाना प्रभारी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, रामचंद्र को रील बनाने का काफी शौक था और अक्सर वीडियो बनाया करता था।

0 टिप्पणियाँ