प्रेमिका की शादी कहीं और तय हुई तो 120 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा प्रेमी, 2 घंटे तक मचा हड़कंप

 



बस्ती मंडल न्यूज़ (संतकबीरनगर): जनपद के खलीलाबाद क्षेत्र के डीघा में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरा प्रेमी अपनी प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर 120 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। हाथ में जहरीली दवा लेकर टंकी पर चढ़े युवक ने खुद पुलिस हेल्पलाइन 112 को फोन कर इसकी सूचना दी। करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने बड़ी मशक्कत से उसे नीचे उतारा।

जहर लेकर चढ़ा, खुद पुलिस को दी सूचना

युवक की पहचान कांटे क्षेत्र के चगेरा-मगेरा गांव निवासी कमलेश कुमार पुत्र अलगू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कमलेश जिस लड़की से प्यार करता है, उसकी शादी कहीं और तय हो गई है। इसी बात से नाराज होकर वह हाथ में जहर की शीशी लेकर टंकी पर चढ़ गया और धमकी देने लगा कि अगर उसकी शादी उसी लड़की से नहीं कराई गई तो वह जान दे देगा।

अधिकारियों के फूले हाथ-पांव

सूचना मिलते ही सीओ प्रियम राज शेखर पांडेय और कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक को टंकी पर देख नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घंटों तक लाउडस्पीकर के माध्यम से उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।

शादी का आश्वासन देकर उतारा गया नीचे

काफी देर तक चले ड्रामे के बाद जब पुलिस और परिजनों ने लड़की के घर वालों से बात करने और शादी कराने का भरोसा दिया, तब जाकर युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे सुरक्षा की दृष्टि से हिरासत में ले लिया और बाद में आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

​फिलहाल क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu