बस्ती मंडल न्यूज़ (खुनियांव): सिद्धार्थनगर जनपद के खुनियांव क्षेत्र अंतर्गत गैसड़ा गांव के टोला बिडरा में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। खेतों में गेहूं के डंठल (नरई) जलाने के चक्कर में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते एक रिहायशी घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार की लाखों की गृहस्थी जलकर खाक हो गई है।
हवाओं ने आग को किया बेकाबू
मिली जानकारी के अनुसार, खेत में डंठल जल रहे थे कि तभी तेज हवा के कारण आग की लपटें गांव की ओर बढ़ गईं। आग ने गांव के निवासी हरिराम के मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब तक काबू पाया जाता, हरिराम का घर और उसमें रखा सारा सामान राख हो चुका था।
बांस की कोठियां और पेड़ भी झुलसे
आग इतनी भीषण थी कि घर के साथ-साथ आसपास के बगीचों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना में राजकुमार मिश्र और दीनानाथ मिश्र की बांस की कोठियां और कई कीमती पेड़ जलकर नष्ट हो गए। इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।
प्रशासन ने लिया जायजा, सहायता का आश्वासन
घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार राघवेंद्र पाण्डेय ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग से एक गरीब परिवार का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया है। नायब तहसीलदार ने हल्का लेखपाल को तत्काल नुकसान का विस्तृत आकलन (सर्वे) कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता दिलाई जा सके।

0 टिप्पणियाँ