बस्ती (छावनी): जनपद के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मलौली गोसाई गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादी समारोह में मात्र दो रसगुल्ले खा लेने से नाराज कैटरिंग ठेकेदार ने 11 साल के मासूम बच्चे पर डीजल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस गया है, जिसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है।
शादी की खुशियां मातम में बदली
जानकारी के अनुसार, गोंडा निवासी 11 वर्षीय चमन अपनी नानी के साथ मलौली गोसाई गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आया था। बुधवार रात करीब 8 बजे, खेलते समय बच्चा हलवाइयों के पास चला गया और उसने दो रसगुल्ले उठा लिए। आरोप है कि इसी बात से आगबबूला होकर कैटरिंग ठेकेदार ने मासूम को पकड़ा और उस पर डीजल डालकर आग लगा दी।
तंदूर के पास तड़पता मिला मासूम
बच्चे की चीख सुनकर जब मामा देवी प्रसाद मौके पर पहुंचे, तो चमन तंदूर के पास बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में मिला। आरोपी ठेकेदार वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने तुरंत बच्चे को अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गुरुवार सुबह लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई और पुलिस का बयान
छावनी थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी ठेकेदार की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
मुख्य बिंदु:
- पीड़ित: अमर उर्फ चमन (11 वर्ष), कक्षा 2 का छात्र।
- हैवानियत: मात्र 2 रसगुल्ले के लिए बच्चे को जिंदा जलाने का प्रयास।
- फरार आरोपी: कैटरिंग ठेकेदार घटना के बाद से ही लापता।
- हालत: लखनऊ में इलाज जारी, स्थिति चिंताजनक।
ब्यूरो रिपोर्ट: बस्ती मंडल न्यूज़

0 टिप्पणियाँ