खलीलाबाद (संतकबीर नगर)। जनपद के सेमरियावां विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा भटपुरवा के प्रधान बरकत अली की रविवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में जान चली गई। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रैना पेपर मिल के पास हुई इस दुर्घटना ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि को हमसे छीन लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर टक्कर मारने वाली कार को अपने कब्जे में ले लिया है।
फोन पर बात कर रहे थे प्रधान, काल बनकर आई तेज रफ्तार कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान बरकत अली रविवार रात अपने होटल 'रिलायंस' से काम निपटाकर वापस अपने गांव भटपुरवा लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रैना पेपर मिल के पास रेलवे क्रॉसिंग पार करने के बाद वह अपनी गाड़ी किनारे खड़ी कर सड़क के किनारे खड़े होकर मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहे थे।
इसी दौरान, विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बलेनो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बरकत अली सड़क से कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मौके पर पहुँची पुलिस, गांव में फैला मातम
हादसे की सूचना मिलते ही खलीलाबाद कोतवाली पुलिस और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। जैसे ही यह खबर भटपुरवा और सेमरियावां क्षेत्र में फैली, प्रधान के समर्थकों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। भारी संख्या में लोग उनके आवास पर जुटने लगे।
आरोपी कार पुलिस के कब्जे में, चालक की तलाश जारी
खलीलाबाद पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे घटना में शामिल बलेनो कार को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस कार के नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि का जाना अपूर्णीय क्षति
बरकत अली अपने क्षेत्र में एक मिलनसार और विकास कार्यों के प्रति समर्पित प्रधान के रूप में जाने जाते थे। उनकी मृत्यु पर क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि भटपुरवा गांव ने अपना एक सच्चा सेवक खो दिया है।

0 टिप्पणियाँ