बांसी (सिद्धार्थनगर)। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कस्बे में बुधवार को होली का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब पटेलनगर मोहल्ले स्थित डहरताल में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक इंटरमीडिएट का छात्र था, तो दूसरा गोरखपुर में डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा था।
रंग खेलने के बाद नहाने गए थे दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4:00 बजे बांसी थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी अनूप (18 वर्ष) और आर्यनगर निवासी शिवकरन (18 वर्ष) अपने साथियों के साथ होली खेलने के बाद डहरताल में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी का अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक डूबने लगे। साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू के बाद डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
सूचना मिलते ही एसडीएम निखिल चक्रवर्ती और क्षेत्राधिकारी शुवेंदु सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें बांसी के संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
होनहारों की मौत से पसरा सन्नाटा
अनूप: इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था।
शिवकरन: गोरखपुर में डिप्लोमा का छात्र था और होली की छुट्टियों में घर आया था।
इन दोनों युवाओं की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में सुबह अबीर-गुलाल उड़ रहा था, वहां शाम को चीख-पुकार मच गई।
प्रशासनिक सतर्कता और स्थानीय मांग
प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों में डहरताल की गहराई को लेकर चिंता है। ग्रामीणों का कहना है कि यहाँ सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं।
0 टिप्पणियाँ