बस्ती मंडल न्यूज़ (सिद्धार्थनगर)। सिद्धार्थनगर जिले में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। इस अभियान के तहत जिला प्रशासन ने अब तक 4.28 लाख से अधिक मतदाताओं का सफलतापूर्वक सत्यापन पूरा कर लिया है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी मतदाताओं के नाम आधिकारिक सूची में सुरक्षित रहेंगे।
जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में नाम, उम्र, पता या नॉन-मैपिंग जैसी तकनीकी कमियों के कारण कुल 5,00,342 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 4,28,314 मतदाताओं (लगभग 86 प्रतिशत) की सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब केवल 72,028 मतदाता शेष बचे हैं, जिन्हें प्रशासन ने 27 मार्च 2026 तक सुनवाई में शामिल होकर अपने जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर दिया है। इस पूरी प्रक्रिया के बाद 10 अप्रैल 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
विधानसभावार जारी किए गए नोटिसों पर नजर डालें तो शोहरतगढ़ में 85,869, कपिलवस्तु में 1,27,502, बांसी में 84,830, इटवा में 95,979 और डुमरियागंज में 1,06,162 मतदाताओं को चिन्हित किया गया था। इस सघन पुनरीक्षण अभियान के कारण जिले की कुल मतदाता संख्या में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पहले जिले में कुल 19,61,872 मतदाता थे, जो अब घटकर 15,62,972 रह गए हैं। इस प्रकार कुल 3,98,900 मतदाताओं के नाम सूची से कम हुए हैं, जिनमें मृतक, स्थानांतरित, अप्राप्त रिकॉर्ड और डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं।
वर्तमान में नोटिस पाने वाले मतदाताओं की सुनवाई जिले की सभी तहसीलों में चल रही है। प्रशासन ने अपील की है कि शेष मतदाता अपने पहचान और निवास से जुड़े दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड या बिजली बिल के साथ ससमय उपस्थित होकर अपना सत्यापन करा लें, ताकि उनका मताधिकार सुरक्षित रह सके।

0 टिप्पणियाँ