![]() |
| खोज करती पुलिस |
बस्ती, बस्ती मंडल न्यूज़। जनपद के गौर थाना क्षेत्र के डंगरह गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक वांछित अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। यह हमला पोक्सो एक्ट के आरोपी विपिन कुमार के परिजनों द्वारा किया गया, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया।
दबिश के दौरान हुआ खूनी संघर्ष
पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि 16 जनवरी 2026 को एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा आरोपी विपिन कुमार अपने मामा राम किशुन के घर छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर जब उपनिरीक्षक हरि राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो आरोपी के परिजनों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया।
कुल्हाड़ी और फरसे का हुआ इस्तेमाल
बताया जा रहा है कि परिजनों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि पुलिस टीम पर कुल्हाड़ी, फरसे और लाठी-डंडों से वार किया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी को भागने का मौका मिल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आस-पास के चार थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
7 नामजद लोगों पर FIR दर्ज
क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि आरोपी के परिजनों ने जानबूझकर पुलिस कार्रवाई को रोका और अपराधी को भगाने में मदद की। इस मामले में उपनिरीक्षक की तहरीर पर 7 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
बस्ती मंडल न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभी भी पुलिस बल तैनात है और फरार अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है

0 टिप्पणियाँ