शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता गोविंद कुमार :
सिद्धार्थनगर जिले की शोहरतगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सीमा पार से आकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरराष्ट्रीय चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
घेराबंदी कर सिसवा के पास से दबोचा
क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के सिसवा के पास से आरोपी को उस समय दबोच लिया जब वह चोरी की बाइक के साथ कहीं जाने की फिराक में था।
नेपाल का रहने वाला है शातिर चोर
पकड़े गए आरोपी की पहचान गोरख धोबी पुत्र स्वर्गीय गोपाल धोबी के रूप में हुई है। वह नेपाल के कपिलवस्तु जिले के कृष्णानगर थाना क्षेत्र (वार्ड नंबर-02, सेवरा) का निवासी है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था। वह चोरी के बाद वाहनों को आसानी से नेपाल की सीमा पार ले जाता था, जिसके कारण वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था।
चोरी की 5 घटनाओं का हुआ पर्दाफाश
आरोपी की गिरफ्तारी से शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर और ढेबरुआ थाना क्षेत्रों में दर्ज कुल पांच चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।
टीम में ये रहे शामिल
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार यादव, आरक्षी प्रभाकर यादव और धर्मनाथ यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।

0 टिप्पणियाँ