संतकबीर नगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बुधा कला चौराहे के पास एक तेज रफ्तार सियाज कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके चार दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
120 की रफ्तार और नींद की झपकी बनी काल
हादसे में घायल फैजान ने बताया कि कार की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। सभी दोस्त अपने घर से करीब 30 किलोमीटर दूर सेमरियावां में चाय पीने गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कार चला रहे शमसुद्दीन को अचानक नींद की झपकी आ गई और तेज रफ्तार कार सीधे पेड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
शमसुद्दीन की मौत, मेडिकल कॉलेज रेफर हुए दोस्त
मृतक की पहचान 22 वर्षीय शमसुद्दीन उर्फ अमन बाबा (निवासी खलीलाबाद) के रूप में हुई है। हादसे में घायल अन्य दोस्तों के नाम इस प्रकार हैं:
- फैजान (निवासी मोतीनगर)
- साहिल (निवासी पठान टोला)
- शुभ (निवासी बजरिया)
- आकाश यादव (निवासी स्टेशन पुरवा)
घटना की सूचना मिलते ही कांटे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है, जहां दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ