ब्यूरो रिपोर्ट: संतकबीर नगर (खलीलाबाद)
जनपद के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित बनकटवा गांव में गुरुवार शाम अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है। इस अग्निकांड में तीन झोपड़ियाँ जलकर खाक हो गईं, जिससे पीड़ित परिवारों का लाखों रुपये का सामान, नकदी और जेवरात राख के ढेर में तब्दील हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दाने-दाने को मोहताज होकर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
देखते ही देखते विकराल हुई लपटें
ग्रामीणों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, लपटों ने आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्राम प्रधान संदीप कुमार चौधरी की सूचना पर दमकल विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
मजदूर परिवार की जीवन भर की कमाई हुई स्वाहा
पीड़ित राम किशोर ने रुंधे गले से बताया कि उनका बेटा सुनील कुमार तमिलनाडु में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। घर में बहू सरिता देवी और चार छोटे बच्चे मौजूद थे। आग में घर में रखा राशन (गेहूं, चावल), कपड़े, सोने-चांदी के जेवर और करीब 5 हजार रुपये नकद जल गए। राम किशोर के साथ ही पड़ोसी मालती देवी की झोपड़ी में रखा भूसा और लकड़ी का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
प्रशासनिक मुआयना और मदद का भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही लेखपाल राजू पटेल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। ग्राम प्रधान संदीप चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में कपड़े, राशन और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया है।

0 टिप्पणियाँ