बस्ती पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्जनपदीय महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, सोने की चेन और नकदी बरामद



रविंद्र भट्ट, बस्ती

ब्यूरो रिपोर्ट

बस्ती: जनपद की कप्तानगंज पुलिस, थाना नगर और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने एक शातिर अंतर्जनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसकी चार महिला सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ी गई महिलाओं के पास से चोरी की गई सोने की चेन और 20,150 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह गिरोह विशेष रूप से मेलों और मंदिरों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के जेवरात पार करने में माहिर था।

भारीनाथ शिव मंदिर में हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, बीते 15 फरवरी को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध भारीनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक के दौरान एक महिला की सोने की चेन काट ली गई थी। इस घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस और एसओजी की टीमें सक्रिय थीं।

घेराबंदी कर दबोचा गया गिरोह

19 मार्च को पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली कि गिरोह की सदस्य किसी अन्य वारदात की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर कप्तानगंज स्थित दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी की गई, जहाँ से चार संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से लूटी गई चेन और नकदी बरामद हुई।

पड़ोसी जिले की रहने वाली हैं आरोपी महिलाएं

गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान पड़ोसी जनपद संत कबीर नगर निवासी सरोज (45 वर्ष), शीला (30 वर्ष), गुड़िया (20 वर्ष) और मधु (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह की मुख्य सरगना सरोज का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बस्ती और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।

जेल भेजी गई अभियुक्त

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं की वृद्धि करते हुए सभी चारों महिलाओं को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

​इस सफल ऑपरेशन में थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह और एसओजी टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu