रविंद्र भट्ट, बस्ती
ब्यूरो रिपोर्ट
बस्ती: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी गुरुवार को बस्ती जनपद के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बोर्ड परीक्षा-2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का जायजा लेने के लिए शहर के चारों प्रमुख मूल्यांकन केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। विधायक ने न केवल व्यवस्थाओं को देखा, बल्कि मूल्यांकन कार्य में जुटे शिक्षकों से सीधा संवाद कर उनकी जमीनी समस्याओं को भी सुना।
श्री कृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज से हुई शुरुआत
विधायक त्रिपाठी सुबह लगभग 10 बजे पटेल चौक होते हुए सबसे पहले श्री कृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज पहुंचे। यहाँ उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शिवपाल सिंह और जिला मंत्री गिरीश चंद्र चौबे के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने मूल्यांकन कक्षों का भ्रमण किया और उप नियंत्रक योगेश कुमार शुक्ल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजकीय कन्या और सक्सेरिया इंटर कॉलेज का भ्रमण
इसके बाद विधायक का काफिला राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पहुँचा, जहाँ उप नियंत्रक अपर्णा भारद्वाज ने उनका अभिनंदन किया। यहाँ भी उन्होंने मूल्यांकन की बारीकियों को समझा। तत्पश्चात, वे सक्सेरिया इंटर कॉलेज गए, जहाँ उप नियंत्रक हरिराम बंसल ने उनका स्वागत किया। विधायक ने प्रत्येक कक्ष में जाकर शिक्षकों से बातचीत की और उनकी कार्यप्रणाली को सराहा।
शिवहर्ष किसान इंटर कॉलेज में समापन
दौरे के अंतिम चरण में ध्रुव कुमार त्रिपाठी शिवहर्ष किसान इंटर कॉलेज पहुँचे। यहाँ शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा, "शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य के दौरान आ रही व्यवहारिक दिक्कतों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित उच्चाधिकारियों से वार्ता कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।"
शिक्षकों में दिखा उत्साह
विधायक के इस दौरे से मूल्यांकन केंद्रों पर तैनात शिक्षकों में उत्साह देखा गया। शिक्षकों ने मानदेय, केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं और अन्य विसंगतियों से उन्हें अवगत कराया, जिस पर विधायक ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

0 टिप्पणियाँ