यूपी बोर्ड का बड़ा फैसला: अब स्कूलों में मोबाइल पूरी तरह बैन, 75% हाजिरी अनिवार्य

 



अम्बेडकरनगर। (संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा) माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों का उद्देश्य विद्यालयों में पठन-पाठन और अनुशासन को और अधिक प्रभावी बनाना है।

मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अब छात्र विद्यालय परिसर में मोबाइल फोन नहीं ला सकेंगे। तकनीकी के दुष्प्रभावों को देखते हुए परिषद ने इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।

75% उपस्थिति के बिना नहीं दे पाएंगे परीक्षा

छात्रों की पढ़ाई के प्रति गंभीरता सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। सत्र की शुरुआत से ही छात्रों का अटेंडेंस रिकॉर्ड ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

प्रार्थना सभा में गूंजेंगे समाचार

अब प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान मुख्य समाचार सुनाए जाएंगे ताकि छात्रों में समसामयिक विषयों के प्रति रुचि विकसित हो सके। साथ ही, सप्ताह में एक दिन प्रार्थना सभा का आयोजन अंग्रेजी में किया जाएगा।

'नया सत्र नया सवेरा' और करियर गाइडेंस

छात्रों को प्रेरित करने के लिए सफल हस्तियों को स्कूलों में आमंत्रित किया जाएगा। शिक्षकों के लिए 'शिक्षक डायरी' और छात्रों के लिए 'प्रगति डायरी' को भी अनिवार्य कर दिया गया है ताकि उनकी प्रगति का नियमित मूल्यांकन हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu