बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: गोविंद कुमार
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ कस्बे में रविवार को समाजवादी पार्टी ने 'किसान-नौजवान-मजदूर सम्मेलन' के जरिए अपनी ताकत का अहसास कराया। अंसारी हॉस्पिटल के पास मैदान में आयोजित इस विशाल जनसभा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए सपा दिग्गजों ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार किए और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया।
महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार विफल: सांसद रामप्रसाद चौधरी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्ती के सांसद व पूर्व मंत्री रामप्रसाद चौधरी ने कहा कि देश की जनता आज महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरियों का वादा करने वाली सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम रही है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में है।
PDA की एकजुटता से होगा बदलाव: ललई यादव
पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव उर्फ ललई यादव ने अपने संबोधन में कहा कि रसोई गैस, खाद और रोजगार आम आदमी की पहुंच से दूर हो गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब पीडीए (PDA) समाज जागरूक और एकजुट होगा, तभी जनता के अधिकारों की लड़ाई जीती जा सकेगी और 2027 में सत्ता परिवर्तन संभव होगा।
जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा: पूर्व विधायक अमर सिंह
कार्यक्रम के आयोजक व पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से सबसे ज्यादा चोट किसान, नौजवान और महिलाओं को लगी है। उन्होंने संकल्प लिया कि सपा के नेतृत्व में जनसेवा का यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
कानून-व्यवस्था पर बरसीं विधायक सैय्यदा खातून
डुमरियागंज की विधायक सैय्यदा खातून ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी हुई है और किसान अपनी जायज मांगों के लिए परेशान हैं। उन्होंने ऐसी सरकार की जरूरत बताई जो सभी वर्गों को सम्मान और सुरक्षा दे सके।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प
सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने की। इस दौरान डॉ. वेद प्रकाश, जोखन यादव, घिसियावन यादव, विभा शुक्ला और जावेद अहमद समेत कई प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच जाकर सरकार की विफलताओं को उजागर करने का संकल्प लिया।

0 टिप्पणियाँ