बस्ती मंडल न्यूज़ संवाददाता: रविंद्र कुमार
बस्ती: जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की भारी किल्लत और कथित कालाबाजारी के विरोध में बुधवार को महिलाओं का जबरदस्त गुस्सा देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाएं खाली गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व चांदनी चौधरी ने किया।
"कालाबाजारी बंद करो" के लगे नारे:
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने "गैस है तो जनता तक क्यों नहीं?" और "कालाबाजारी बंद करो, गरीबों का हक दो" जैसे नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर को गुंजायमान कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि गैस एजेंसियां समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रही हैं, जिससे रसोई का बजट और व्यवस्था दोनों बिगड़ गई है।
बिचौलियों और ऊंची कीमतों की शिकायत:
प्रशासनिक अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि उपभोक्ताओं को हफ्तों तक एजेंसियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, बिचौलियों द्वारा ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि कालाबाजारी में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
72 घंटे के भीतर डिलीवरी की मांग:
महिलाओं ने मांग की है कि गैस बुकिंग के बाद 24 से 72 घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी हर हाल में सुनिश्चित की जाए। चांदनी चौधरी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गैस वितरण व्यवस्था पारदर्शी नहीं हुई और शिकायतों का त्वरित निस्तारण नहीं किया गया, तो महिलाएं बड़े जनआंदोलन के लिए बाध्य होंगी।

0 टिप्पणियाँ