बस्ती मंडल न्यूज़ संवाददाता: रविंद्र कुमार
अमोढ़ा खास (बस्ती): बस्ती जनपद के अतरौरा झाम निवासी एक बुजुर्ग की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। अयोध्या के छावनी क्षेत्र स्थित खतमसराय के पास एक अज्ञात कार ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
रिश्तेदारी में जा रहे थे रामनिवास:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतरौरा झाम निवासी रामनिवास अपनी मोपेड से घर से टिकरी (गोंडा) स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वह खतमसराय के पास हाईवे पर पहुँचे, एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनिवास गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान हुई मौत:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घायल बुजुर्ग को तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। जहाँ बीती रात उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
पुलिस की कार्रवाई:
बुजुर्ग की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश के साथ मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ