बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: गोविंद कुमार
सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत मोहाना थाना पुलिस और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को ककरहवा बाजार क्षेत्र से एक युवक को भारी मात्रा में अवैध नेपाली मुद्रा के साथ दबोचा गया। पकड़े गए युवक के पास से कुल 4 लाख 50 हजार नेपाली रुपये बरामद हुए हैं।
फसादीपुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा तस्कर
जानकारी के अनुसार, पुलिस और कस्टम विभाग को ककरहवा बाजार स्थित फसादीपुर मोड़ के पास संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से भारी मात्रा में नेपाली नोट बरामद हुए। विदेशी मुद्रा के संबंध में युवक कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
रमजाननगर का निवासी है गिरफ्तार युवक
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज मौर्या पुत्र केशराम मौर्या, निवासी दूल्हा दरमियांनि टोला रमजाननगर, थाना मोहाना के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस इसे विदेशी मुद्रा की अवैध तस्करी और हवाला कारोबार से जुड़ा मामला मान रही है।
कस्टम कार्यालय को सौंपी गई बरामद करेंसी
बरामद की गई साढ़े चार लाख की नेपाली करेंसी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा के सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारी अब इस नेटवर्क के पीछे छिपे अन्य बड़े चेहरों और गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुट गए हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई गई चौकसी
पुलिस प्रशासन का कहना है कि सीमा पार से होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध आवाजाही और तस्करी को रोकने के लिए निगरानी सख्त कर दी गई है। आने वाले दिनों में सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे और भी चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।

0 टिप्पणियाँ