बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: गोविंद कुमार, संतकबीरनगर
खलीलाबाद, संतकबीरनगर। जनपद में प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। खलीलाबाद पुलिस ने कोडीन युक्त औषधियों के गैर-चिकित्सीय उपयोग और गैरकानूनी बिक्री के आरोप में तीन मेडिकल स्टोर संचालकों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
इन तीन मेडिकल स्टोर संचालकों पर गिरी गाज
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर निम्नलिखित अभियुक्तों को उनके प्रतिष्ठानों से गिरफ्तार किया:
- विवेक कुमार चौधरी (न्यू चौधरी मेडिकल स्टोर, बघौली)
- विवेक चौधरी (लक्ष्मी मेडिकल स्टोर, गड़सरपार)
- मोहम्मद नईम (आदर्श मेडिकल स्टोर, मगहर)
ड्रग इंस्पेक्टर की तहरीर पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) खलीलाबाद श्रीमती प्रीति सिंह द्वारा दी गई लिखित सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने 21 नवंबर 2025 को इन मेडिकल स्टोरों में अनियमितता और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद कोतवाली खलीलाबाद में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस टीम ने दी दबिश
अभियुक्तों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, प्रमोद कुमार पाठक, धर्मनाथ यादव तथा कांस्टेबल धर्मेन्द्र और बलराम यादव की मुख्य भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि ये संचालक बिना वैध पर्चे के युवाओं को नशीली सिरप और दवाएं उपलब्ध करा रहे थे, जो समाज के लिए एक बड़ा खतरा है।
सीओ की जनता से अपील
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशीले पदार्थों और मिलावटी दवाओं का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

0 टिप्पणियाँ