संतकबीरनगर: मदद के बहाने रिटायर्ड शिक्षक का एटीएम कार्ड बदला; खाते से उड़ाए 60 हजार, जालसाज सीसीटीवी में कैद

 



बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: गोविंद कुमार, संतकबीरनगर

मगहर, संतकबीरनगर। जनपद के मगहर क्षेत्र में एक रिटायर्ड शिक्षक के साथ एटीएम कार्ड बदलकर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जालसाज ने बड़ी चालाकी से बुजुर्ग शिक्षक की मदद करने के बहाने उनका कार्ड बदल दिया और उनके खाते से 60 हजार रुपये की गाढ़ी कमाई पार कर दी। पूरी वारदात एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

पेंशन निकालने गए थे बुजुर्ग शिक्षक

​पीड़ित देवेंद्र नाथ मिश्रा, जो गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के भरपही गांव के निवासी हैं, पीपीगंज के एक इंटर कॉलेज से संस्कृत प्रवक्ता के पद से वर्ष 2013 में सेवानिवृत्त हुए थे। वह अपनी पेंशन की राशि निकालने के लिए मगहर स्थित एक एटीएम पर गए थे।

मशीन में पैसे फंसते ही जालसाज ने बिछाया जाल

​पीड़ित के अनुसार, घटना 6 मार्च की है जब वह एटीएम से 5 हजार रुपये निकाल रहे थे। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण पैसे मशीन में फंस गए। उनके पीछे खड़े एक अज्ञात युवक ने मदद का झांसा दिया और हाथ की सफाई दिखाते हुए बुजुर्ग शिक्षक का असली एटीएम कार्ड बदल लिया और उन्हें दूसरा फर्जी कार्ड थमा दिया।

मैसेज आते ही उड़े होश, 60 हजार का लगा चूना

​बुजुर्ग शिक्षक जब घर पहुँचे, तो कुछ ही घंटों बाद उनके मोबाइल पर 60 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। ठगी का अहसास होते ही उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क कर कार्ड ब्लॉक कराया और मगहर चौकी पुलिस को सूचना दी। सोमवार को पीड़ित ने अपने पोते के साथ साइबर क्राइम थाने पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

​साइबर थाना प्रभारी जय प्रकाश चौबे ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के लिए कोतवाली व मगहर चौकी पुलिस को निर्देशित किया गया है। एटीएम के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक की तस्वीरें मिल गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu