संतकबीरनगर: सागौन चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़, 10 मुकदमों वाला मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार

 

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी


बस्ती मंडल न्यूज़ | ब्यूरो रिपोर्ट

खलीलाबाद (संतकबीरनगर)। जनपद की कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने पेड़ों की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई सागौन की कीमती लकड़ियां, तस्करी में प्रयुक्त वाहन और आरा (फेटा) बरामद किया है। इस बड़ी सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

गड़सरपार में हुई थी चोरी, पुलिस ने बिछाया जाल

​बीती 10-11 मार्च 2026 की रात को गड़सरपार निवासी अब्दुल अलीम के खेत से तीन विशाल सागौन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे की टीम ने शनिवार को मगहर स्थित संतकबीर आश्रम तिराहे से तीनों को दबोच लिया।

रेकी कर रात में काटते थे पेड़, देवरिया में होती थी खपत

​पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में सुनसान खेतों की रेकी करते थे और रात के अंधेरे में पेड़ काटकर पिकअप वाहन से लकड़ी देवरिया ले जाकर छिपा देते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर:

  • 12 बोटा सागौन की लकड़ी।
  • ​एक पिकअप बोलेरो और एक जाइलो कार।
  • ​एक आरा (फेटा) और रस्सी बरामद की है।

मुख्य आरोपी का खौफनाक आपराधिक इतिहास

​गिरफ्तार अभियुक्तों में देवरिया का रहने वाला कृष्ण मोहन निषाद गिरोह का सरगना है, जिस पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गोरखपुर निवासी घनश्याम प्रजापति पर भी 4 मुकदमे दर्ज हैं। तीसरा आरोपी जितेंद्र पासवान भी गोरखपुर का रहने वाला है।

पुलिस टीम को मिला इनाम

​अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के साथ उपनिरीक्षक और हमराही शामिल रहे। एसपी ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों की तलाश में जुटी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu