बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: रविंद्र भट्ट
बस्ती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा एवं भारतीय नव वर्ष के उपलक्ष्य में जनपद में भव्य पथ संचलन और एकत्रीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में कदमताल कर अनुशासन और राष्ट्रशक्ति का प्रदर्शन किया। मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक प्रमुख डॉ. अवधेश ने समाज को पंच परिवर्तन के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
पुष्पार्चन से शुभारंभ, गूंजा एकल गीत
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। स्वयंसेवक श्वेतांशु ने देशभक्ति से ओत-प्रोत एकल गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में सबरोर कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता धीरेंद्र शुक्ला ने की, जिन्होंने संघ के अनुशासन को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। बौद्धिक कार्यक्रम का सफल संचालन सुधांशु ने किया।
भारतीय नव वर्ष: सृष्टि रचना और महापुरुषों की गौरवगाथा
मुख्य वक्ता डॉ. अवधेश ने अपने बौद्धिक संबोधन में कहा कि नवसंवत्सर विश्व का सबसे प्राचीन कालक्रम है। उन्होंने इसके ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को साझा करते हुए बताया कि:
- यह दिन सृष्टि की रचना और कालगणना का प्रारंभ है।
- मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का राज्याभिषेक और सम्राट विक्रमादित्य द्वारा विक्रम संवत की स्थापना इसी दिन हुई।
- चैत्र नवरात्र का प्रारंभ, महर्षि दयानंद द्वारा आर्य समाज की स्थापना और संघ संस्थापक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार का जन्मदिवस भी आज ही है।
पंच परिवर्तन और आत्ममंथन का संदेश
डॉ. अवधेश ने जोर देकर कहा कि आज के कलयुग में देव और आसुरी प्रवृत्तियां व्यक्ति के भीतर ही होती हैं, इसलिए सही निर्णय के लिए आत्ममंथन आवश्यक है। उन्होंने 'पंच परिवर्तन' (कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य) को व्यवहार में उतारने और राष्ट्र की प्रगति में ही व्यक्तिगत हित देखने की अपील की।
शहर के प्रमुख मार्गों पर हुई पुष्पवर्षा
रामबाग स्थित विद्यालय से शुरू हुआ पथ संचलन पक्के बाजार, रोडवेज, जिला अस्पताल और दक्षिण दरवाजा होते हुए साहू धर्मशाला पर संपन्न हुआ। घोष की धुन पर कदम से कदम मिलाते स्वयंसेवकों का शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला सह संघचालक प्रमोद, प्रांत गोसेवा प्रमुख अखिलेश, प्रांत समरसता प्रमुख सुभाष, विभाग प्रचारक ऋषि, विभाग कार्यवाह आशीष, अरविंद, भवानी प्रसाद, विष्णु प्रसाद, संतराम, श्रीराम, राहुल, गोविंद सिंह, राजेश कुमार, सर्वेंद्र, राघवेंद्र, अंकित, वायुनंदन, हरिओम प्रकाश, भानु और वीरेन्द्र सहित सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ