बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: रविंद्र भट्ट
बस्ती। जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कप्तानगंज पुलिस और स्वाट/साइबर सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड का उपयोग कर खुद को पीओएस (POS) एजेंट बताकर लोगों को चूना लगाने वाले एक शातिर ठग को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के पास से मोबाइल फोन और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।
यज्ञनारायण सिंह की शिकायत पर हुई कार्रवाई
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दयलापुर निवासी यज्ञनारायण सिंह ने 20 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि एक व्यक्ति फर्जी सिम के जरिए खुद को पीओएस एजेंट बताकर लोगों से ठगी कर रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
बढ़या ईंट भट्ठा के पास से दबोचा गया आरोपी
साइबर सेल और पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घेराबंदी कर शनिवार, 21 मार्च को आरोपी आकाश कुमार पुत्र बुद्धिराम को गिरफ्तार कर लिया। आकाश कप्तानगंज के ही मीतासोती गांव का रहने वाला है। उसे बढ़या ईंट भट्ठा के पास से पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से:
- एक रेडमी स्मार्टफोन।
- आधार कार्ड और पैन कार्ड।
- नगदी बरामद की गई है।
अधिकारियों के निर्देशन में 'साइबर क्लीन' अभियान
अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के निर्देश पर हॉटस्पॉट चिन्हित कर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह के पर्यवेक्षण में टीम ने इस ठग को सलाखों के पीछे पहुँचाया।
टीम की रही मुख्य भूमिका
इस सफल गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शेषनाथ गौड़, उपनिरीक्षक वीरेंद्र राय, हेड कांस्टेबल सतवंत शाही, कांस्टेबल पंकज सिंह, अभिषेक त्रिपाठी, संदीप चौधरी और गौरव यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ