पत्रकार: मृत्युंजय शर्मा | चैनल: बस्ती मण्डल न्यूज
अम्बेडकरनगर जिले के जलालपुर तहसील क्षेत्र में संपत्ति से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह बड़ी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई है। इस प्रकरण की खास बात यह है कि इसमें एक सहायक विकास अधिकारी (ADO) को भी नामजद किया गया है।
मामला कटका थाना क्षेत्र के ग्राम रामापुर का है, जहाँ के निवासी सत्यनारायण शुक्ल ने अपने दिवंगत भाई की संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, संपत्ति के स्वामित्व को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ है और कुछ लोगों द्वारा दस्तावेजों में हेराफेरी व अनियमितता की गई है।
पुलिस ने प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस मामले में कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें स्थानीय स्तर के कुछ सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं।
जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मामला पूरी तरह संज्ञान में है और दस्तावेजों व अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

0 टिप्पणियाँ