रवींद्र भट्ट | बस्ती मंडल न्यूज़
सल्टौआ (बस्ती)। जनपद के सल्टौआ क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अमित हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग का चाबुक चला है। बस्ती मंडल न्यूज़ के संवाददाता रवींद्र भट्ट की रिपोर्ट के अनुसार, विभाग ने अस्पताल को पूरी तरह सीज कर दिया है। यह कार्रवाई अस्पताल के पास वैध पंजीकरण और आवश्यक प्रमाण-पत्र न होने के कारण की गई है।
MOIC के साथ मारपीट के बाद हरकत में आया विभाग
सूत्रों के अनुसार, इस कड़ी कार्रवाई के पीछे एक बड़ी वजह एमओआईसी (MOIC) डॉ. अमित कन्नौजिया के साथ हुई मारपीट की घटना भी बताई जा रही है। अस्पताल से जुड़े इस विवाद के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित एक्शन मोड में आते हुए अवैध अस्पताल की जड़ों पर प्रहार किया।
डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी
डिप्टी सीएमओ डॉ. एसबी सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान अस्पताल के भीतर भारी अनियमितताएं और बिना अनुमति के अल्ट्रासाउंड संचालन के सबूत मिले। दस्तावेजों की गहन पड़ताल के बाद टीम ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सीलिंग की जद में ले लिया।
अवैध अस्पतालों पर अभियान रहेगा जारी
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई महज एक शुरुआत है। जनपद में बिना वैध लाइसेंस के चल रहे अस्पतालों, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें बंद कराया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ