बस्ती। बस्ती मंडल न्यूज | ब्यूरो रिपोर्ट :
बस्ती जिले में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस और न्यायालय ने शिकंजा कस दिया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय के आदेश पर मुख्य आरोपी के बैंक खाते में जमा 8 लाख 95 हजार 548 रुपये की धनराशि को कुर्क कर लिया गया है। यह कार्रवाई अपराध से अर्जित संपत्तियों के जब्तीकरण अभियान के तहत की गई है।
वाराणसी के बैंक खाते में जमा थी रकम
अपर सत्र न्यायाधीश विजय कुमार कटियार ने मामले की सुनवाई के बाद 'गणपति फार्मा' के मालिक और मुख्य आरोपी पंकज कुमार के वाराणसी स्थित एक निजी बैंक खाते को फ्रीज करने का आदेश दिया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त धनराशि पूरी तरह से नशीली दवाओं के अवैध व्यापार से कमाई गई थी।
2023 के एनडीपीएस मामले में हुई कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि वर्ष 2023 में कोतवाली बस्ती में मुकदमा अपराध संख्या 466/2023 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पंकज कुमार, जो एक बोगस फर्म (गणपति फार्मा) का संचालन कर रहा था, वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है।
जारी रहेगी जब्तीकरण की प्रक्रिया
सीओ सदर ने स्पष्ट किया कि नशीली दवाओं के काले कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की संपत्तियों की भी तस्दीक की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य अवैध वित्तीय लेनदेन के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ