बस्ती: सिर पर सिलेंडर रख आम आदमी पार्टी का जोरदार प्रदर्शन, गैस की कीमतों में बढ़ोतरी पर घेरी सरकार

 

Basti mandal news

बस्ती। बस्ती मंडल न्यूज | ब्यूरो रिपोर्ट :

​बस्ती जिले में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों में हुई हालिया बढ़ोतरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता अपने सिर पर खाली गैस सिलेंडर रखकर पहुंचे और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

महंगाई की मार: 'गरीब और व्यापारी दोनों बेहाल'

​प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि घरेलू सिलेंडर में 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर में 120 रुपये की ताजा वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कीमतें कम नहीं हुईं, तो छोटे उद्योग और होटल बंद होने की कगार पर पहुँच जाएंगे, जिससे बेरोजगारी का संकट और गहराएगा।

गैस और तेल नीतियों पर उठाए सवाल

​राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपते हुए 'आप' नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सस्ते तेल के विकल्पों के बजाय निजी कंपनियों को फायदा पहुँचाने वाली नीतियां अपना रही है। ज्ञापन में दावा किया गया कि निजी समूहों के प्रभुत्व के कारण कई जगहों पर गैस की कीमतें तीन गुना तक बढ़ गई हैं।

प्रमुख मांगें:

  • ​बढ़ी हुई गैस कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए।
  • ​पेट्रोल और डीजल की कीमतों के लिए एक पारदर्शी नीति बनाई जाए।
  • ​छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग को महंगाई से राहत दी जाए।

​इस प्रदर्शन में जिला महासचिव चंद्र भान कन्नौजिया, जिला उपाध्यक्ष बीरेंद्र कुमार, रामसाजन सूर्यवंशी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने महंगाई पर लगाम नहीं लगाई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu