बस्ती: मैरेज हॉल के पास फायरिंग करने वाला शूटर गिरफ्तार, स्वाट टीम ने अवैध पिस्टल के साथ दबोचा

 



कलवारी (बस्ती)। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता: रविंद्र भट्ट

​बस्ती जिले की कलवारी पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मैरेज हॉल के पास फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किया है।

घेराबंदी कर डकही मोड़ से दबोचा

​प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जानलेवा हमले का आरोपी डकही मोड़ के पास मौजूद है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विनीत उपाध्याय (29 वर्ष) निवासी नगर थाना, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।

जान से मारने की नीयत से की थी फायरिंग

​पुलिस के मुताबिक, विनीत ने कुछ दिन पहले कलवारी क्षेत्र के एक मैरेज हॉल के पास पुरानी रंजिश में वादी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस मिला है।

टीम को मिली सफलता

​क्षेत्राधिकारी संजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई कर उसे जेल भेजा जा रहा है। इस सफलता में स्वाट प्रभारी शेषनाथ यादव, दरोगा पंकज कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, मृत्युन्जय मौर्य और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

ऐसी ही सटीक और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहिये बस्ती मंडल न्यूज़ के साथ।

बस्ती मंडल न्यूज़—आपका क्षेत्र, आपकी आवाज़।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu