बस्ती। जनपद के परसरामपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत रजवापुर गांव में शुक्रवार रात शराब पीने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते सांप्रदायिक तनाव में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसके बाद एक रिहायशी झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
चौराहे पर शुरू हुआ विवाद, पथराव तक पहुंची नौबत
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 8 बजे रजवापुर गांव के चौराहे पर हुई। यहाँ मोहम्मद मोकिम और राजेंद्र सिंह के समर्थकों के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। इसी हंगामे के बीच मोहम्मद मोकिम की एक झोपड़ी में आग लगा दी गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, फोर्स तैनात
हिंसक झड़प की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत, सीओ स्वर्णिमा सिंह, परसरामपुर एसओ विश्वमोहन राय सहित हरैया और छावनी थाने की पुलिस टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और गांव में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है।
जांच और कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। चूंकि यह मामला दो समुदायों के बीच का है, इसलिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। उन्होंने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| मौके पर मौजूद पुलिस टीम |

0 टिप्पणियाँ