अम्बेडकरनगर। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता मृत्युंजय शर्मा :
अम्बेडकरनगर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। जिले में 90 ईसीसीई (ECCE) एजुकेटर के संविदा पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज हो गई है। सेवा योजन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन 18 मार्च 2026 को किया जाएगा।
विकास भवन में सुबह 10 बजे से शुरू होगी काउंसलिंग
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शैलेष कुमार पटेल ने बताया कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली इस भर्ती के लिए कुल 270 आवेदकों की सूची जारी की गई है। इन सभी अभ्यर्थियों को 18 मार्च को विकास भवन सभागार में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच उपस्थित होना अनिवार्य है।
साथ लाने होंगे ये महत्वपूर्ण दस्तावेज
अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेजों के मूल प्रति (Original) और दो स्वप्रमाणित फोटोकॉपी (Set) लेकर आना होगा:
सभी शैक्षिक एवं व्यावसायिक अंक पत्र व प्रमाण पत्र।
जाति एवं निवास प्रमाण पत्र।
आधार कार्ड और पैन कार्ड।
दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो (फाइल कवर के साथ)।
अनुपस्थित रहने पर नहीं मिलेगा दूसरा मौका
BSA ने सख्त निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर काउंसलिंग के लिए उपस्थित नहीं होंगे, उन्हें दोबारा कोई अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। उनकी अनुपस्थिति की दशा में वरीयता क्रम में अगले अभ्यर्थी को मौका दे दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ