अम्बेडकरनगर: दर्दनाक सड़क हादसे में दो दरोगा अभ्यर्थियों की मौत, गुस्साए परिजनों का पुलिस पर पथराव

 

Basti news

​अम्बेडकरनगर। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा

​अम्बेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने दो घरों के चिराग बुझा दिए। सिरसिया ओझानगर के पास हुई इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की डायल-112 गाड़ी पर टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा और पथराव किया।

​परीक्षा से पहले टूटा दरोगा बनने का सपना

​जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान नितिन कनौजिया (निवासी भदया) और मुकुल प्रजापति (निवासी अराजी देवारा) के रूप में हुई है। मुकुल अपनी बहन को दरोगा भर्ती (SI) की परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे, वहीं नितिन भी दरोगा अभ्यर्थी थे और परीक्षा से पहले अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने निकले थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मुकुल की बहन भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

​डायल-112 पर लगा आरोप, परिजनों का फूटा गुस्सा

​हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर दी। परिजनों का सीधा आरोप है कि युवकों की बाइक को यूपी पुलिस की डायल-112 वाहन ने टक्कर मारी है। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस ने साक्ष्य छिपाने के लिए आनन-फानन में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बात से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

​जांच में जुटा प्रशासन

​थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डायल-112 से दुर्घटना होने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। जो भी वाहन इस हादसे के लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu