अंबेडकरनगर। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा
अंबेडकरनगर जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडर की बिक्री पर लगी रोक के बाद जिला प्रशासन ने आम जनता को बड़ी राहत देने के लिए एक वैकल्पिक योजना तैयार की है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने घोषणा की है कि शादी-समारोह, तेरहवीं और अन्य सामूहिक कार्यक्रमों के लिए अब प्रशासन ईंधन लकड़ी (फ्यूल वुड) उपलब्ध कराएगा।
80 आरा मशीनों पर मिलेगी ₹5 किलो लकड़ी
प्रशासन के निर्णय के अनुसार, जिले की 80 आरा मशीनों और 34 चिह्नित अड्डों पर ईंधन लकड़ी उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी कीमत 5 से 6 रुपये प्रति किलोग्राम तय की गई है। यदि किसी को लकड़ी प्राप्त करने में कोई कठिनाई होती है, तो वे सीधे संबंधित क्षेत्र के एसडीएम (SDM) से संपर्क कर सकते हैं।
घरेलू सिलेंडर की कोई कमी नहीं
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में जिले की 44 गैस एजेंसियों पर 14 हजार से अधिक सिलेंडर उपलब्ध हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को आपूर्ति सुचारू रूप से मिलती रहेगी।
केरोसिन तेल की भी होगी वापसी
जिला प्रशासन ने ईंधन के एक और विकल्प के रूप में केरोसिन उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया है। डीएम ने पुराने केरोसिन विक्रेताओं से अपील की है कि वे जिला आपूर्ति कार्यालय जाकर अपने लाइसेंस का नवीनीकरण करा लें, ताकि आवंटन में देरी न हो।

0 टिप्पणियाँ