अकबरपुर डाकघर में बम की सूचना से मचा हड़कंप, 'तमिल मुक्ति संगठन' के मेल ने उड़ाई पुलिस की नींद

 



मृत्युंजय शर्मा | बस्ती मंडल न्यूज़

अम्बेडकरनगर। जनपद के अकबरपुर प्रधान डाकघर में उस समय हड़कंप मच गया, जब लखनऊ आरपीओ (RPO) को एक सनसनीखेज ईमेल प्राप्त हुआ। बस्ती मंडल न्यूज़ के संवाददाता मृत्युंजय शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, 'तमिल मुक्ति संगठन' द्वारा भेजे गए इस मेल में दावा किया गया था कि डाकघर परिसर के वॉशरूम में 19 साइनाइड गैस बम रखे गए हैं।

दोपहर 2:10 बजे धमाके की थी चेतावनी

​धमकी भरे मेल में चेतावनी दी गई थी कि ये बम दोपहर 2:10 बजे फटेंगे। सूचना मिलते ही एलआईयू (LIU) और अकबरपुर थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने डाकघर के चप्पे-चप्पे की गहनता से तलाशी ली, हालांकि विस्तृत जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और स्थिति सामान्य पाई गई।

राजनीतिक बदले और विदेशी साजिश का जिक्र

​मेल में तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संगठन ने उदयनिधि स्टालिन और डीएमके सरकार पर निशाना साधते हुए मीडिया को उनका गुलाम बताया। मेल में विदेशी एनजीओ जैसे 'पेटा' और 'फोर्ड फाउंडेशन' पर भी एजेंडा चलाने का आरोप लगाया गया। संगठन ने धमकी दी कि अब वे लोकतांत्रिक रास्ता छोड़कर गोलियों और बमों का सहारा लेंगे।

2026 चुनाव को लेकर खौफनाक धमकी

​मेल में सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि डीएमके 2026 का चुनाव जीतती है, तो उन्हें "जीत के तोहफे" के रूप में अपने परिवार का एक सदस्य खोना पड़ेगा।

​अकबरपुर प्रधान डाकघर की पोस्टमास्टर नूतन सिंह ने बताया कि मेल की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस को सूचित कर सुरक्षा सुनिश्चित की गई थी। फिलहाल खुफिया एजेंसियां मेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और संगठन की सच्चाई खंगालने में जुट गई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu