रवींद्र भट्ट | बस्ती मंडल न्यूज़
कप्तानगंज (बस्ती)। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज बाजार में रास्ते के पुराने विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। बस्ती मंडल न्यूज़ के संवाददाता रवींद्र भट्ट की रिपोर्ट के अनुसार, दो पक्षों के बीच हुई इस भीषण मारपीट में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिसिया इकबाल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
मारपीट के बाद थाने में शिकायतों का दौर शुरू हो गया है। एक पक्ष से संदीप कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि हमले में उनकी पत्नी पूजा देवी और भाभी रंजीत देवी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष की गिरिजा अग्रहरि ने भी पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने संदीप साहू, मनीष साहू और उनके परिजनों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
खाकी की मौजूदगी में 'खूनी संघर्ष'?
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात वह वीडियो है जो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि जब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे, तब मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। वीडियो में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद मारपीट होते दिख रही है, जिसकी अब उच्चाधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।
क्या कहती है पुलिस?
महाराजगंज चौकी प्रभारी अनिल त्रिपाठी ने बस्ती मंडल न्यूज़ को बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वायरल वीडियो को साक्ष्य मानकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ