अम्बेडकरनगर। मृत्युंजय शर्मा: जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। बाजिदपुर निवासी राम सरवन ने अपनी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता के पति समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के कुछ समय बाद ही शुरू हुआ उत्पीड़न
राम सरवन के अनुसार, उनकी बेटी का विवाह 5 जून 2025 को जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र के मलहज गांव निवासी प्रद्युम्न के साथ हुआ था। शादी में हैसियत के मुताबिक मोटरसाइकिल, नकद राशि और अन्य घरेलू सामान दिया गया था। आरोप है कि दिए गए दहेज से ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था और शहर में जमीन खरीदने के लिए अतिरिक्त 20 लाख रुपये की मांग करने लगा।
मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
विवाहिता का कहना है कि पिता द्वारा और पैसे देने में असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष आगबबूला हो गया। आरोप है कि 2 अगस्त 2025 की रात पति प्रद्युम्न, ससुर कैलाश, जेठ सनी और सास उर्मिला ने मिलकर पीड़िता को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।
गहने रख लिए, दूसरी शादी की तैयारी का दावा
राम सरवन ने बताया कि ससुराल पक्ष ने बेटी के सभी जेवर और कीमती सामान अपने पास रख लिए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अब अपने बेटे की दूसरी शादी करने की फिराक में हैं। 18 फरवरी 2026 को पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाने की कोशिश भी नाकाम रही, जहाँ आरोपियों ने पीड़िता को साथ रखने से साफ मना कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ