बस्ती। जनपद की साइबर थाना और स्वाट टीम ने ऑनलाइन ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और KYC अपडेट करने के नाम पर करीब 1 लाख रुपये की चपत लगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सबसे खास बात यह रही कि पुलिस ने पीड़ित की ठगी गई शत-प्रतिशत राशि (₹1,01,476) भी बरामद कर ली है।
क्या था मामला?
हरैया थाना क्षेत्र के निपनिया (केशवपुर) निवासी विकास वर्मा के साथ 12 जून 2025 को साइबर फ्रॉड हुआ था। जालसाजों ने उन्हें झांसा देकर उनके क्रेडिट कार्ड से 1,01,476.58 रुपये पार कर दिए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई थी। करीब 8 महीने की कड़ी जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
गोरखपुर का रहने वाला है आरोपी
साइबर थाना टीम और स्वाट टीम ने सर्विलांस की मदद से आरोपी सूरज ठाकुर को चिन्हित किया। आरोपी गोरखपुर जनपद के गोला थाना क्षेत्र के डाड़ीखास गांव का निवासी है। बुधवार को घेराबंदी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके पास से ठगी की पूरी रकम बरामद की गई।
सराहनीय रही पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में साइबर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार त्रिपाठी, निरीक्षक भगवान सिंह, साइबर स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक रितेश कुमार सिंह और उपनिरीक्षक जनार्दन प्रसाद की मुख्य भूमिका रही। एसपी बस्ती ने टीम की इस सफलता पर खुशी जाहिर की है।
0 टिप्पणियाँ