संतकबीरनगर। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की पवित्रता पर उस वक्त सवालिया निशान लग गया, जब एएच इंटर कॉलेज पैड़ी में सरेआम सामूहिक नकल का खेल पकड़ा गया। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) की औचक छापेमारी में शिक्षक छात्रों को उत्तर बोलकर लिखवाते रंगे हाथों पकड़े गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईओएस ने तत्काल प्रभाव से केंद्र व्यवस्थापक और वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को पद से हटा दिया है।
कंट्रोल रूम की सतर्कता से खुला राज
घटना सोमवार शाम की है जब द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। कंट्रोल रूम में कैमरा बंद दिखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर डीआईओएस हरीशचंद नाथ शाम 4:45 बजे खुद कॉलेज जा पहुंचे।
निरीक्षण में जो दिखा वो हैरान करने वाला था:
- बोलकर नकल: परीक्षा हॉल में शिक्षक बाकायदा बोल-बोलकर छात्रों को उत्तर लिखवा रहे थे।
- अनियमितताएं: केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा मानकों में भी भारी खामियां पाई गईं।
- लापरवाही: जब डीआईओएस ने जवाब मांगा, तो केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षक बगले झांकने लगे।
बड़ी कार्रवाई: हटाए गए जिम्मेदार
डीआईओएस ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रधानाचार्य रिजवान अहमद (केंद्र व्यवस्थापक) और रईस अहमद (अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक) को उनके पदों से बर्खास्त कर दिया है।
इन नए अधिकारियों को सौंपी गई कमान:
- रणजीत कुमार चौरसिया (प्रधानाचार्य, राजकीय हाईस्कूल साल्हेपुर) – नए केंद्र व्यवस्थापक।
- अवधराज कन्नौजिया (प्रधानाचार्य, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बौरव्यास) – नए वाह्य केंद्र व्यवस्थापक।
- इरसार अहमद – नए सह केंद्र व्यवस्थापक।
डीआईओएस का बयान: "पैड़ी इंटर कॉलेज में सामूहिक नकल की पुष्टि हुई है। किसी भी कीमत पर परीक्षा की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नए अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और जांच जारी है।"
0 टिप्पणियाँ