AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के कथित विवादित बयान को लेकर सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज क्षेत्र में हिंदू जनमानस का गुस्सा फूट पड़ा है। शनिवार को इस मामले में हिंदू संगठनों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
लवकुश ओझा के नेतृत्व में प्रदर्शन
हिंदू युवा नेता लवकुश ओझा ने बड़ी संख्या में हिंदू जनमानस के साथ तहसील मुख्यालय पहुँचकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले बयानों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ओझा ने आरोपियों और बयान देने वाले नेता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मराज वर्मा की तहरीर
वहीं, नगर पंचायत बढ़नी चाफा के अध्यक्ष धर्मराज वर्मा ने इस मामले को लेकर भवानीगंज थाने में लिखित तहरीर दी है। उन्होंने अपनी शिकायत में क्षेत्र का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दो पर मुकदमा दर्ज, प्रशासन अलर्ट
विवादित पोस्ट और वीडियो को भड़काऊ तरीके से सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में पुलिस ने अब तक दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है और भवानीगंज समेत आस-पास के थानों की पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रख रही है।
0 टिप्पणियाँ