संतकबीरनगर जिले में हरियाणा की जेल में बंद एक कैदी ने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी। न्यायालय के आदेश पर उसे कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र लाया गया। यह घटना धनघटा थाना क्षेत्र के सिसवा गांव से संबंधित है।
जानकारी के अनुसार, सिसवा गांव निवासी मंजीत पुत्र राजेश हरियाणा की फरीदाबाद जेल में बंद है। वह लगभग तीन महीने से मारपीट से जुड़े एक मामले में जेल में निरुद्ध है। मंजीत अपने ननिहाल सिसवा में रहकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज ठठरा में पढ़ाई कर रहा था।
न्यायालय ने मंजीत को इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी थी। इसी क्रम में हरियाणा पुलिस की निगरानी में उसे संतकबीरनगर लाया गया। सोमवार को धनघटा क्षेत्र स्थित मुन्नीलाल रामविलास इंटर कॉलेज संठी में उसकी परीक्षा दिलाई गई।
परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद मंजीत को पुनः पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया और वापस हरियाणा भेज दिया गया।
0 टिप्पणियाँ