बस्ती में बोले ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य, राम मंदिर चंदा प्रकरण की एसआईटी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

 


बस्ती मंडल न्यूज,बस्ती। ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बस्ती दौरे के दौरान अयोध्या राम मंदिर चंदा प्रकरण की एसआईटी जांच को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए एसआईटी का गठन किया था, लेकिन अब तक जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि जांच में क्या तथ्य सामने आए।


शंकराचार्य ने कहा कि इस मामले में लोगों का ध्यान भटकाने के लिए कई तरह के भ्रामक बयान दिए गए, लेकिन वे तथ्यों पर टिक नहीं सके। उन्होंने कहा कि असत्य बोलने से किसी और का नहीं, बल्कि स्वयं व्यक्ति की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। साथ ही उन्होंने कहा कि गौमाता के सम्मान जैसे विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।


बस्ती आगमन पर कप्तानगंज चौराहे सहित विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ बस्ती एवं प्राचीन हनुमानगढ़ी राम-जानकी मंदिर मठ के महंत नागा गिरजेश दास के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अतुल चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राजाराम यादव, ध्रुवचंद पाठक, अनूप पाठक, प्रवीण पाठक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान तुलसी तिवारी को गौशाला प्रभारी नियुक्त किया गया।


राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (युवा मोर्चा) के जिलाध्यक्ष बृजेश तिवारी के नेतृत्व में भी शंकराचार्य का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में अजय दुबे, वरुण तिवारी, विजय मिश्रा, सुनील तिवारी, रोहित ओझा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।


गोविंदपुर स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित चरण पादुका पूजन कार्यक्रम में शंकराचार्य ने गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की अपनी मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देगी, उसका समर्थन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने समाज से गौ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और सत्य व धर्म के मार्ग पर चलकर गौमाता के सम्मान एवं संरक्षण के लिए संगठित प्रयास करने का आह्वान किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu